अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान के विचार आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे : हर्ष मल्होत्रा
यमुना विहार में अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत जनप्रतिनिधियों ने दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि देते हुए उनके राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को याद किया। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। यमुना विहार स्थित महावर वैश्य धर्मशाला में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व सांसद स्वर्गीय साहब सिंह चौहान की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन साहब सिंह चौहान सेवा दल की ट्रस्टी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष पूनम चौहान ने किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दोनों नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान महान व्यक्तित्व थे। दोनों ने अपना जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उनके विचार और कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं तथा नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान साहब सिंह चौहान सेवा दल और संत परमानंद अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर, प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल मिश्रा, स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन सत्या शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष महक सिंह, राजकुमार बल्लन, जोन चेयरमैन गुलाब सिंह राठौर, जिला अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने साहब सिंह चौहान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उनके साथ काम किया था। वह बेहद बुद्धिजीवी और अनुभवी व्यक्ति थे तथा राजनीतिक और सामाजिक मामलों में लोग उनसे सलाह लेते थे। उन्होंने कहा कि साहब सिंह चौहान की स्मृति में कोई महत्वपूर्ण संस्थान या स्थान स्थापित किया जाना चाहिए।
मनोज तिवारी ने कहा कि जब वह पहली बार चुनाव मैदान में उतरे थे, तब साहब सिंह चौहान के मार्गदर्शन में चुनाव लड़ा। उनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा और आज भी वह उनके प्रेरणास्रोत हैं। साहब सिंह चौहान की पुत्रवधू पूनम चौहान ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज की निस्वार्थ सेवा को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
विधायक अजय महावर ने कहा कि संगठन और राजनीति की जितनी गहरी समझ साहब सिंह चौहान को थी, वह विरले ही देखने को मिलती है। वह चलते-फिरते ज्ञानकोष थे और हर कार्यकर्ता से उनका आत्मीय संबंध था। सत्या शर्मा ने कहा कि अपने 35 वर्ष के राजनीतिक जीवन में उन्होंने साहब सिंह चौहान से बहुत कुछ सीखा।
गुलाब सिंह राठौर ने कहा कि बहुत कम ऐसे नेता होते हैं जो हजारों कार्यकर्ताओं और नागरिकों को नाम से जानते हों। अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान ऐसे ही नेता थे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को हमेशा प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन दीपक चौहान ने किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राहुल गौड़, योगेंद्र राजोरा, पार्षद रेखा रानी, प्रमोद गुप्ता, अनिल गौड़, आनंद त्रिवेदी, राजीव चौहान, नित्यानंद गैरोला, जितेंद्र शर्मा, सौरभ चातक सहित चौहान परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




