मुंबई में बोनट पर काटा केक और हवा में की फायरिंग, 10 गिरफ्तार

मुंबई के बोरीवली में सड़क के बीचों-बीच जन्मदिन की पार्टी मनाने और एयरगन चलाने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई/एजेंसी। बोरीवली इलाके में बीच सड़क जन्मदिन का जश्न मनाना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने हंगामा, ट्रैफिक बाधित करने और एयरगन से फायरिंग करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 अगस्त की देर रात करीब 12:30 बजे गोराई-2 स्थित घरकुल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के पास की है। आरोपियों ने एक काले रंग की इनोवा कार को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया और वहीं बर्थडे पार्टी शुरू कर दी। कार के बोनट पर कई केक रखे गए थे, जिन्हें काटते हुए युवक जश्न मना रहे थे, जबकि अन्य लोग सड़क पर नाच-गाना और शोर-शराबा कर रहे थे।
इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया और आसपास के रहवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब आरोपियों में से एक ने एयरगन निकालकर फायरिंग कर दी। इससे इलाके में दहशत फैल गई।
बोरीवली पुलिस के मुताबिक, एयरगन आरोपी जतिन शर्मा लेकर आया था, जबकि उससे फायरिंग विजेश उपाध्याय ने की। इस हरकत से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इस मामले में आकाश गुप्ता, जतिन शर्मा, विजेश उपाध्याय सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), मोटर वाहन अधिनियम, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button