हजारीबाग में ढही दीवार से निकले चांदी के सिक्के, गांव में मचा कौतूहल
झारखंड के हजारीबाग में एक मकान की दीवार गिरी तो घर के लोग उसका मलबा उठाने गए। लेकिन दीवार में ही एक घड़ा न जाने कब से छिपाकर रखा था। जैसे ही घड़ा नीचे गिरकर फूटा, लोग हैरान रह गए।

हजारीबाग/झारखंड। हजारीबाग जिले में भारी बारिश के बीच एक पुराने मकान की दीवार गिरने से चांदी के सिक्कों का घड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में कौतूहल का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना टाटीझरियाह प्रखंड के अमनारी गांव की है, जहां वर्षों से एक मकान खाली पड़ा था। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुई तेज बारिश के चलते मकान की दीवार अचानक ढह गई। इसके बाद जब मलबा हटाने का प्रयास किया गया, तो दीवार के भीतर छिपाकर रखा गया एक घड़ा नीचे गिर गया, जिसमें भरे चांदी के सिक्के चारों ओर बिखर गए।
सिक्के देखते ही वहां मौजूद लोग चौंक गए और देखते ही देखते आसपास के गांवों में भी इसकी खबर फैल गई। कुछ ही समय में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे।
बताया जा रहा है कि यह मकान रामचंद्र महतो, सुरेश महतो, संतोष प्रसाद, बुधन महतो, बालेश्वर महतो और नंदू महतो के संयुक्त परिवार का है, जो पहले यहां निवास करते थे। दीवार गिरने की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मलबा हटाने पहुंचे थे, तभी उन्हें घड़े में छिपे चांदी के सिक्कों की जानकारी हुई।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने सिक्कों को नहीं छुआ है। उनका मानना है कि पूर्वजों ने संभवतः चोर-डाकुओं के डर से इन्हें दीवार के भीतर छिपाकर रखा था। परिवार ने आशंका जताई है कि मकान के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के सिक्के हो सकते हैं।
घटना के बाद परिवार ने एहतियातन मकान को बंद कर दिया है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




