बहुजन विकास अघाड़ी एवं युवा विकास अघाड़ी की पहल: छात्रों को 6 हजार रुपये की साइकिल मात्र 2800 रुपये में करा रहे उपलब्ध

बहुजन विकास अघाड़ी एवं युवा विकास अघाड़ी की ओर से वसई-विरार क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए विशेष साइकिल वितरण अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 6 हजार रुपये मूल्य की साइकिलें मात्र 2800 रुपये में उपलब्ध कराई गईं।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड

वसई-पालघर। विद्यार्थियों की शिक्षा को सुगम बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से बहुजन विकास अघाड़ी (बीवीए) एवं युवा विकास अघाड़ी द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। इस पहल के तहत वसई-विरार क्षेत्र के छात्रों को एक प्रतिष्ठित कंपनी की साइकिलें बाजार मूल्य से आधी से भी कम कीमत पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।
जानकारी के अनुसार, बाजार में लगभग 6 हजार रुपये मूल्य की साइकिलें विद्यार्थियों को केवल 2800 रुपये में उपलब्ध कराई गईं। इस योजना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में वसई-विरार नगर निगम क्षेत्र के तीन से चार हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद परिवारों ने साइकिल खरीदकर योजना का लाभ उठाया।
बहुजन विकास अघाड़ी के युवा नेता स्वप्निल नार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों की सहायता करना था, जिन्हें विद्यालय, महाविद्यालय अथवा कोचिंग संस्थानों तक पहुंचने में परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सस्ती दरों पर साइकिल उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को समय की बचत के साथ-साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में इस प्रकार की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होती हैं। कई अभिभावकों ने बताया कि कम कीमत में गुणवत्तापूर्ण साइकिल मिलने से उनके बच्चों की शिक्षा संबंधी दैनिक यात्रा आसान हो जाएगी।
बहुजन विकास अघाड़ी और युवा विकास अघाड़ी के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
इस पहल को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिला और स्थानीय नागरिकों ने इसे विद्यार्थियों के हित में उठाया गया एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कदम बताया। कार्यक्रम की सफलता ने यह साबित किया कि सामाजिक संगठनों की सहभागिता से जरूरतमंद परिवारों तक प्रभावी सहायता पहुंचाई जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button