दूसरों के चालान काटने वाला परिवहन विभाग खुद सवालों के घेरे में, सरकारी गाड़ी की नंबर प्लेट पर उठे सवाल
वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास एनफोर्समेंट वाहन की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने का आरोप, ट्रैफिक पुलिस ने भी लिखित शिकायत देकर गाड़ी हटाने की मांग की

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
नई दिल्ली। राजधानी में यातायात नियमों का पालन कराने और उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटने वाला दिल्ली परिवहन विभाग का एनफोर्समेंट दस्ता खुद सवालों के घेरे में है। मामला भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल के अंतर्गत वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास का है, जहां विभाग की एक सरकारी गाड़ी की नंबर प्लेट की स्थिति और सड़क पर उसकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि इस वाहन के वहां खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
परिवहन विभाग का एनफोर्समेंट दस्ता गलत या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं लगी नंबर प्लेट सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करता है। लेकिन सामने आई तस्वीर में विभाग की ही एक सरकारी गाड़ी की नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से पढ़ने योग्य नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आम वाहन चालकों से नियमों का सख्ती से पालन कराने वाले विभाग की अपनी गाड़ियों पर क्या वही नियम लागू नहीं होते? यदि नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, तो इसकी जांच और सुधार की जिम्मेदारी किसकी है?
सूत्रों से मिली जानकरी के अनुसार इस मामले में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी परिवहन विभाग को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास एनफोर्समेंट विभाग की गाड़ी खड़ी रहने से यातायात संचालन में परेशानी होती है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण यातायात को सुचारु बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ट्रैफिक पुलिस ने परिवहन विभाग से कम से कम त्योहारों के दौरान इस वाहन को उक्त स्थान से हटाने की मांग की है, ताकि सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो और आवाजाही निर्बाध बनी रहे।
दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर राजधानी की सड़कों पर वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है। ऐसे में यातायात प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। जब ट्रैफिक पुलिस किसी विभागीय वाहन की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने की शिकायत कर चुकी है, तो परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे मामले का संज्ञान लेकर उचित कदम उठाएं।
अब सवाल यह है कि दूसरे वाहनों की नंबर प्लेट की जांच कर चालान करने वाले विभाग की अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट की भी नियमानुसार जांच होगी या नहीं? क्या ट्रैफिक पुलिस की लिखित शिकायत के आधार पर वाहन को वहां से हटाया जाएगा? साथ ही, यदि नंबर प्लेट में कोई कमी है तो उसे दुरुस्त कराने के लिए क्या कार्रवाई की जाएगी? फिलहाल इस मामले में परिवहन विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।




