हिमाचल प्रदेश में बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई के पास बस हादसा, अमृतसर से आए 2 श्रद्धालुओं की मौत, 7 घायल

हिमाचल प्रदेश के शाहतलाई के पास भीषण हादसा हुआ। इस घटना में पंजाब के अमृतसर की एक बस दियोटसिद्ध स्थित बाबा बालक मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पलट गई। इस घटना में दो द्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात अन्य यात्री घायल हो गए हैं। घायल हुए सात लोगों में तीन की हालत गंभीर है।

शिमला/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर ज़िले में शाहतलाई के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब अमृतसर से आए 35 श्रद्धालु देवटसिद्ध और शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे।
प्रशासन के अनुसार, बस ग्रीन वैली होटल के पास एक तीखे मोड़ (शार्प टर्न) पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक यात्री को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य को बेहतर उपचार के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। चार घायलों का इलाज बरसर अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस पंजाब की है, जिसका पंजीकरण नंबर पीबी-03-बीजे-9755 है। यह बस अमृतसर से श्रद्धालुओं के जत्थे को लेकर हिमाचल प्रदेश आई थी। घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, बड़सर एसडीएम स्वाति डोगरा सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।
प्रशासन ने बताया कि शाहतलाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button