फरीदाबाद में रेलवे प्लेटफॉर्म के किनारे रील बनाने वाले किन्ररों से जीआरपी ने मंगवाई माफी, दी चेतावनी

फरीदाबाद के ओल्ड रेलवे स्टेशन पर सोशल मीडिया रील बनाने के लिए प्लेटफॉर्म किनारे डांस करना दो किन्नरों को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने पर जीआरपी और आरपीएफ ने उन्हें थाने बुलाकर चेतावनी दी, माफी मंगवाई और दोबारा ऐसी हरकत पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

फरीदाबाद। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए रेलवे स्टेशन पर रील बनाने वाले किन्नरों को जीआरपी ने नसीहत दी और दोबारा ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। दो किन्नरों ने ये वीडियो ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म वन के किनारे खड़े होकर डांस करते हुए बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने दोनों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया। भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी। इसके बाद किन्नर की मुखिया से वीडियो को माध्यम से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई।
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर दो किन्नर ने एक फिल्मी गाने पर डांस करते हुए की रील बनाई थी। वायरल वीडियो में दोनों प्लेटफॉर्म के बिल्कुल किनारे खड़े दिखाई दे रहे हैं। जबकि प्लेटफार्म नंबर वन से अक्सर मालगाड़ियां तेज रफ्तार में निकलती रहती हैं। यदि कोई ट्रेन गुजर रही होती तो ट्रेन की हवा से उनका संतुलन बिगड़ सकता था और हादसा हो सकता था।
जीआरपी के डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद उन किन्नरों की पहचान की गई और उन्हें जीआरपी थाने बुलाकर पूछताछ की। उन्हें बताया गया कि रेलवे प्लेटफॉर्म और ट्रैक के आसपास इस तरह की गतिविधियां जानलेवा साबित हो सकती हैं। उन्हें रेलवे परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन करने और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की हिदायत दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button