कौशाम्बी में राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने की महिला जनसुनवाई, 31 में से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। राज्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने बुधवार को मंझनपुर स्थित मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, हैंडपंप, शौचालय, विद्युत, राशन कार्ड सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 31 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में प्रतिभा कुशवाहा ने विभागवार संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पिछले तीन माह में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
इसके पश्चात उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र चक नगर, मंझनपुर एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने जिला कारागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य और रहन-सहन की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में विकास खंड सिराथू परिसर में आयोजित जागरूकता चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। चौपाल में स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, बाल विकास एवं पुषाहार विभाग तथा महिला कल्याण विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button