टशन दिखाने के लिए 6 नाबालिगों ने बिना वजह कर दिया कारोबारी का मर्डर
दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात

- भजनपुरा में 28 वर्षीय शाकिर की चाकू से हत्या
- आरोपियों ने दबदबे के लिए हत्या को दिया अंजाम
- गिरफ्तारी के बाद सामने आया चौंकाने वाला सच
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में चाकू से गोदकर शाकिर(28) नाम के युवक का मर्डर कर दिया गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद हत्या के आरोपी छह नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि इलाके में दबदबा बनाने और जुर्म की दुनिया में खुद को स्थापित करने के लिए इसे अंजाम दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपियों की मृतक से कोई रंजिश नहीं थी।डीसीपी(उत्तर पूर्वी ) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि शाकिर परिवार के साथ घोंडा के सुभाष मोहल्ला में रहते थे। वह अपने पिता शहजाद के साथ पेपर प्लेट और दोना बनाने का कारोबार करते थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने घर के पास गली में टहल रहे थे। इसी दौरान कई लड़कों का एक झुंड आया, जिसने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक जख्मी शाकिर को अस्पताल ले जाया जा चुका था। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तफ्तीश में पुलिस को पता चला कि वारदात में 13 से 15 साल की उम्र के नाबालिग शामिल हैं। लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद छह नाबालिगों को पकड़ा गया। पुलिस ने इनसे वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।
उत्तर पूर्वीदिल्ली में सक्रिय गैंगस्टर्स नाबालिग लड़कों को अपनी ओर खींचते हैं। नाबालिग सोशल मीडिया के जरिए रील्स बना खुद को गैंगस्टर्स के तौर पर पेश करते हैं। कई लड़के हथियार लहराते दिख जाते हैं। वह इसके जरिए बड़े गिरोहों से जुड़ने की फिराक में रहते हैं। वे कुख्यात गैंगस्टर्स की पेशी में कोर्ट तक भी पहुंच जाते हैं। यह पहला केस नहीं है, जिसे नाबालिगों ने अंजाम दिया है। कई वारदातों में छोटी उम्र के लड़के शामिल पाए गए हैं। यह पुलिस के लिए सबसे बड़ा चैलेंज हैं। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं ये आरोपी किसी लोकल गैंगस्टर्स से प्रभावित तो नहीं थे।
सिर्फ टशन दिखाने के लिए शाकिर का मर्डर करने पर पब्लिक हैरान है। नाबालिग पहली बार किसी जुर्म में लिप्त मिले हैं। इलाके के लोगों में गुस्सा है कि तमाम कोशिशों के बावजूद संगीन अपराध से लेकर स्ट्रीट क्राइम तक थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले दिनों सीलमपुर में कुणाल नाम के नाबालिग के कत्ल की साजिश में महिला समेत नाबालिग तक शामिल थे। इस हत्याकांड के बाद एरिया में सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने आनन-फानन में कई गिरफ्तारियां कर पब्लिक के गुस्से को शांत किया।




