नंद नगरी सर्किल में टीआई विकास पंवार के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान
नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में टीआई विकास पंवार के नेतृत्व में अतिक्रमण व गलत पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 270 चालान किए गए, कई वाहन टो किए गए और रेहड़ी-पटरी हटाई गई। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की और आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में 15 जुलाई 2026 को ट्रैफिक इंस्पेक्टर विकास पंवार के नेतृत्व में टीआर साहनी वज़ीराबाद रोड, लोनी गोलचक्कर और आसपास के क्षेत्रों में गलत पार्किंग व अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 270 चालान किए गए। इनमें 100 गलत पार्किंग के ई-चालान, 150 वोका चालान और 20 क्रेन चालान शामिल हैं। इसके अलावा 15 वाहनों को टो किया गया और 12 रेहड़ी-पटरी वालों को मौके से हटाया गया।
टीआई विकास पंवार ने बताया कि नत्थू चौक, दुर्गापुरी, लोनी गोलचक्कर, गगन सिनेमा और मंडोली जैसे क्षेत्रों में अव्यवस्थित तरीके से चलने वाले ट्रैक्टरों, अवैध रूप से खड़े बैटरी रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहनों के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कई लोग अपने वाहन फुटपाथ पर खड़े कर देते हैं, जिससे आम राहगीरों को चलने में दिक्कत होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
उन्होंने बताया कि नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल की जिम्मेदारी संभालने के बाद से लगातार ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और समय-समय पर विशेष ड्राइव आयोजित की जाती हैं। नत्थू चौक फ्लाईओवर के पास स्थित शराब के ठेकों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया।
टीआई पंवार ने यह भी जानकारी दी कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नंद नगरी थाने में नियमित रूप से “ट्रैफिक पाठशाला” का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और ट्रैफिक नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
टीआई पंवार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई है और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।





