आगरा में पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, ऊपर से कर दिया प्लास्टर!
आगरा में 44 वर्षीय सुरेंद्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने हत्या के बाद शव को घर के बाथरूम में दफनाकर ऊपर प्लास्टर करवा दिया और करीब 45 दिनों तक पति की गुमशुदगी का नाटक करती रही।

आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने फर्श खुदवाकर मानव कंकाल बरामद किया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, दो बच्चों और मां के साथ रहते थे। मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई को रूबी ने फोन कर घर पर पुलिस दबिश का हवाला देते हुए बच्चों और मां को अपने साथ ले जाने के लिए कहा। इसके बाद उसने बताया कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। इस पर परिजनों ने थाना सिकंदरा में गुमशुदगी दर्ज कराई।
परिजनों के मुताबिक, सुरेंद्र की तलाश के दौरान रूबी लगातार पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखती रही और कॉलोनी में पति के लापता होने पर रोने-बिलखने का नाटक करती रही। हालांकि, उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर परिवार को संदेह हुआ।
संदेह गहराने पर परिजनों ने बैंक खाते की जांच की, जिसमें रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पूछताछ में रूबी ने परिजनों को घर बुलाकर बताया कि सुरेंद्र बाथरूम में है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था। आरोप है कि घटना के दिन पत्नी ने उसे नशे की गोलियों की ओवरडोज दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से फर्श पक्का कर दिया गया।
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी पत्नी रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




