भाजपा में ‘कांग्रेसीकरण’ के आरोप के बीच बड़ा झटका, शाहदरा जिला प्रवक्ता भारत गौड़ ने सभी पदों से दिया इस्तीफा

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिल्ली में उस समय बड़ा झटका लगा, जब शाहदरा जिला के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी एडवोकेट भारत गौड़ ने अपने सभी संगठनात्मक दायित्वों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी के भीतर “कांग्रेसीकरण” बढ़ने और आम आदमी पार्टी (आप) से आए नेताओं को प्राथमिकता दिए जाने पर गंभीर आपत्ति जताई है।
अपने इस्तीफे में भारत गौड़ ने आरोप लगाया कि पार्टी की मूल विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में लगातार ऐसे नेताओं को महत्व दिया जा रहा है, जो अन्य दलों, विशेषकर आम आदमी पार्टी से आकर जुड़े हैं, जबकि लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। गौड़ ने कहा कि इस स्थिति से न केवल संगठन की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल भी गिर रहा है। उन्होंने इसे “कांग्रेसीकरण” की संज्ञा देते हुए कहा कि पार्टी की कार्यशैली में वैचारिक स्पष्टता और अनुशासन कमजोर होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से कार्यकर्ता-आधारित संगठन रही है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका सीमित होती जा रही है। इस कारण उन्होंने शाहदरा जिला के सभी पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
राजनीतिक हलकों में इस इस्तीफे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह ऐसे समय आया है जब दिल्ली में भाजपा अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। भारत गौड़ के इस कदम से पार्टी के भीतर चल रहे असंतोष की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, भाजपा की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि ऐसे मुद्दों पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो संगठनात्मक स्तर पर इसका असर पड़ सकता है।




