अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे विदेश राज्य मंत्री और बिहार के राज्यपाल
भारत ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होगा। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नई दिल्ली/एजेंसी। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार भारत भी शामिल होगा। ईरानी सूत्रों के हवाले से बताया कि अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा करेंगे।
ईरानी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार और दफन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। जिसके बाद भारत ने इस उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को भेजने का फैसला किया है।
दरअसल, अमेरिकी-इजरायली संयुक्त हमलों में मारे गए खामेनेई के लिए ईरान में 4 से 9 जुलाई तक सप्ताह भर चलने वाला राजकीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। । ईरानी अधिकारियों के अनुसार, खामेनेई का पार्थिव शरीर 4 और 5 जुलाई को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में रखा जाएगा।
ईरान के कई शहरों में 4 से 9 जुलाई तक होने वाले अंतिम संस्कार समारोह में दुनिया भर के कई विदेशी गणमान्य व्यक्तियों और लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान की राजधानी तेहरान पर किए गए हमले में सुप्रीम लीडर खामनेई की मौत हो गई थी। उनका राजकीय अंतिम संस्कार जुलूस 6 जुलाई को निर्धारित है, और आधिकारिक शोक अवधि के दौरान तेहरान प्रांत में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।




