जयपुर के चंदवाजी में निर्माणाधीन ‘अरावली पैलेस’ होटल की दीवार ढही, बिहार के तीन मजदूरों की मौत
जयपुर के दिल्ली रोड (चंदवाजी) पर निर्माणाधीन होटल 'अरावली पैलेस' की दीवार ढहने से भारी मलबे के नीचे दबकर बिहार के तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज निम्स अस्पताल में चल रहा है।

जयपुर/एजेंसी। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बीस दिन में दूसरा बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में तीन मजदूरों की अकाल मौत हो गई है। दिल्ली रोड स्थित ताला क्षेत्र में एक आलीशान होटल का निर्माण कराया जा रहा है। आज सोमवार 29 जून की दोपहर को निर्माणाधीन होटल की दीवार का बड़ा हिस्सा ढह गया। मौके पर कार्य कर रहे कई मजदूर भारी भरकम पत्थरों और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली रोड स्थित चंदवाजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ताला मोड क्षेत्र आता है। इसी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक भव्य होटल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। होटल का नाम अरावली पैलेस है। निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ी दीवार ढह गई। जहां पर हादसा हुआ, वहां एक तरफ ऊंचाई थी और दीवार के बाहर की तरफ का क्षेत्र काफी गहरा था। गहराई की तरफ दीवार ढही और वहां कार्य कर रहे मजदूर नीचे दब गए।
जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हुई है जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में 35 वर्षीय रिंकू, 39 वर्षीय सविता और 40 वर्षीय रामजी शामिल हैं। 30 वर्षीय विक्रम सिंह, 26 वर्षीय दिलीप सिंह और 37 वर्षीय सुरजन घायल हुए हैं। घायलों का निम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों मृतक मजदूर और घायल मजदूर बिहार के रहने वाले हैं।
इसी जून में 11 तारीख को जयपुर के गांधी पथ पर बड़ा हादसा हुआ था। निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट का कार्य चल रहा था। मिट्टी ढहने से तीन महिला मजदूर मिट्टी में दब गई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मिट्टी हटाकर घायल महिला मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीनों महिला मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों 20 वर्षीय अनुति कुमारी पत्नी जय, 25 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी गुड्डन और 22 वर्षीय प्रतिमा कुमारी शामिल थी। तीनों मृतक बिहार की रहने वाली थी।




