किसान के घर आया हिरण का बच्चा, जंगल से तीसरी बार लौटा, परिवार ने बनाया सदस्य

रास्ता भटका और बना परिवार का साथी

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र के जलालपुर बेहटा गांव में इन दिनों एक अनोखा मेहमान सुर्खियां बटोर रहा है। यह मेहमान कोई इंसान नहीं, बल्कि जंगल से भटककर आया एक मासूम हिरण का बच्चा है, जिसे किसान राजवीर सैनी के परिवार ने न केवल पनाह दी, बल्कि उसे अपने परिवार का हिस्सा बना लिया। इस नन्हें हिरण को राजवीर की बेटी नैना ने प्यार से ‘चीकू’ नाम दिया है।
लगभग एक महीने पहले की बात है, जब राजवीर के घर का दरवाजा खुला था। कुत्तों से जान बचाकर भागता हुआ एक छोटा सा हिरण उनके आंगन में जा घुसा। पहले परिवार को लगा कि यह गाय का बच्चा है, लेकिन पड़ोसियों ने बताया कि यह हिरण का बच्चा है। डरा और सहमा हुआ यह नन्हा मेहमान भूखा था। परिवार ने उसे घास खिलाई और बाद में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने हिरण के बच्चे को जंगल में छोड़ दिया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि कुछ दिनों बाद वह फिर से राजवीर के घर लौट आया। दोबारा भी उसे जंगल में छोड़ा गया, लेकिन करीब 10 दिन पहले वह तीसरी बार कुत्तों से बचते हुए राजवीर के घर पहुंच गया। राजवीर बताते हैं, हमने इसे कई बार जंगल में छोड़ने की कोशिश की, लेकिन यह बार-बार हमारे पास ही लौट आता है। अब हम इसे सुरक्षित रख रहे हैं। अगर वन विभाग चाहे तो इसे ले जा सकता है।
राजवीर की छोटी बेटी नैना ने इस हिरण के बच्चे को अपना दोस्त बना लिया है। उसने इसका नाम ‘चीकू’ रखा। नैना बताती है, मैं इसे रोटी और घास खिलाती हूं। यह मेरे साथ खेलता है और रात को मेरी चारपाई पर सोता भी है। बार-बार जंगल से लौटकर आने से लगता है कि यह हमें बहुत चाहता है। अब यह हमारे परिवार का सदस्य बन गया है।
‘चीकू’ अब गांव में चर्चा का विषय बन चुका है। गांव के लोग उसे देखने राजवीर के घर आने लगे हैं। बच्चों के लिए यह एक खेल का साथी बन गया है। हर कोई उसे प्यार से दुलारता और खाना खिलाता है। यह नन्हा हिरण गांव वालों के लिए मनोरंजन का साधन बन गया है। आज ‘चीकू’ पूरी तरह से राजवीर के परिवार में घुल-मिल गया है। वह आंगन में टहलता है, चारपाई पर बैठता है और रोटी-घास खाता है। परिवार के सदस्य उसे प्यार से दुलारते हैं, और नैना के साथ उसका गहरा रिश्ता बन गया है। यह नजारा इंसान और प्रकृति के बीच एक खूबसूरत रिश्ते की मिसाल पेश कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button