कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, ऑटो-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में दो सेल्समैन की मौत, पांच घायल

कौशांबी के मंझनपुर में सीएनजी ऑटो और बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में कानपुर के दो सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई।

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। मंझनपुर क्षेत्र के सेलरहा गांव के समीप बुधवार शाम करीब पांच बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सवारी लेकर सैनी जा रहा सीएनजी ऑटो तेज रफ्तार बालू लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गया। मृतकों की पहचान हरदोई जिले के शिरोमणि नगर थाना बेहटा गोकुल निवासी 25 वर्षीय सूर्यांश वाजपेयी पुत्र महेशचंद्र वाजपेयी तथा कानपुर नगर के बर्रा थाना क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय आशीष मिश्रा पुत्र सुमन किशोर मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों लखनऊ स्थित एक मोटर पार्ट्स कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार दोपहर करीब तीन बजे ओसा क्षेत्र में एक दुकान से ऑर्डर लेने और तगादा करने आए थे। कार्य पूरा करने के बाद वे नकदी लेकर कानपुर लौट रहे थे। मंझनपुर चौराहे से उन्होंने सैनी जाने वाले सीएनजी ऑटो में सवारी की।
जैसे ही ऑटो सेलरहा गांव के पास पहुंचा, गंगा नदी से बालू लादकर आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में ऑटो चालक 35 वर्षीय रामसुमेर पुत्र रामकिशन निवासी मंगरोहनी मंझनपुर, 35 वर्षीय मोहसिन पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी सुल्तानपुर घोष फतेहपुर, आठ वर्षीय एकाग्र पुत्र शिवम, 65 वर्षीय निर्मला देवी पत्नी वेद बिहारी निवासी मंझनपुर तथा 30 वर्षीय रेखा देवी पत्नी राजकुमार शर्मा निवासी पनकी कानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने निर्मला देवी और रेखा देवी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी शिवांक सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button