दिल्ली में 26 अगस्त से लगेगा देश का सबसे बड़ा फिल्म उद्योग एक्सपो

नई दिल्ली। भारतीय फिल्म उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में 26 से 30 अगस्त तक ‘फिल्म एक्सपो इंडिया’ के उद्घाटन संस्करण का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह देश का अब तक का सबसे बड़ा फिल्म उद्योग प्रदर्शनी आयोजन होगा। इसमें भारत सहित विभिन्न देशों के फिल्म निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, कलाकार, सरकारी प्रतिनिधि और फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवर शामिल होंगे।
इस आयोजन का संचालन अभिनेता बिंदु दारा सिंह की कंपनी द्वारा इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के सहयोग से किया जा रहा है। दिल्ली पर्यटन, महाराष्ट्र पर्यटन, साहित्य अकादमी और प्रसार भारती सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान भी इस पहल से जुड़े हैं।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिंदु दारा सिंह ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य फिल्म उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों को एक साझा मंच पर लाना है। इसके माध्यम से नए रोजगार अवसर, तकनीकी विकास, व्यावसायिक संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग से जुड़े आयोजनों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और यह एक्सपो भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बिंदु दारा सिंह ने इस दौरान अपने आगामी प्रोजेक्ट ‘महाकालनाटक’ की जानकारी भी साझा की और फिल्म से जुड़े कलाकारों को मीडिया से रूबरू कराया।
फिल्म एक्सपो इंडिया में अत्याधुनिक फिल्म तकनीक, उपकरणों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों की ओर से सम्मेलन और परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें फिल्म निर्माण, बदलते तकनीकी रुझान, नए प्रयोग और फैशन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
एक्सपो में फिल्म कार्निवल और थीम पार्क भी आकर्षण का केंद्र होंगे। यहां दर्शकों को सिनेमा की दुनिया का प्रत्यक्ष अनुभव देने की तैयारी है। डोम थिएटर, फिल्म निर्माण की प्रक्रिया, क्षेत्रीय सिनेमा और दृश्य कला की प्रदर्शनियां भी आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में शामिल होंगी।
आयोजकों के अनुसार, फिल्म एक्सपो इंडिया को फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन और इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री सहित कई प्रमुख संस्थाओं और ब्रांडों का सहयोग प्राप्त है।
आयोजकों का मानना है कि यह एक्सपो फिल्म उद्योग के लिए नेटवर्किंग, कारोबार और नई प्रतिभाओं को अवसर देने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। भविष्य में इस आयोजन को देश के अन्य शहरों में भी आयोजित करने की योजना है। आयोजकों के अनुसार, एक्सपो भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button