गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे की चाइनीज मांझे से गर्दन कटी, अस्पताल में चल रहा इलाज

बाजारों में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है, जबकि सरकार ने इस पर पूरी तरह से रोक लगाई हुई है। आए दिन किसी न किसी की गर्दन कट रही है। ताजा मामला बरेली से सामने आया है।

बरेली/उत्तर प्रदेश। सरकार ने चाइनीज मांझा बैन किया हुआ। इसके बावजूद बाजारों में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। बरेली में गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे वीर सिंह गंगवार की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गई। उनको तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीर सिंह गंगवार सोमवार को अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह श्यामगंज फ्लाईओवर पर पहुंचे तो उनकी गर्दन चाइनीज मांझे में फंस गई। गर्दन में मांझा फंसते ही उनका स्कूटी से नियंत्रण हट गया और वह गिर गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उनको प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी होते ही गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार तत्काल पीलीभीत से बरेली पहुंच गए। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने ने अपने भतीजे का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसके बावजूद शहर में इसकी बिक्री होना चिंता का विषय है।
मंत्री संजय गंगवार ने कहा कि वह इसके बारे में जिलाधिकारी और एसएसपी से बात करेंगे। वहीं, बरेली एसएसपी अनुराग आर्य की ओर से इस मामले में बयान जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज मांझा कैसे पहुंच रहा है, इसकी जांच करके कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि वीर सिंह गंगवार राज्यमंत्री संजय गंगवार के भाई ब्लाक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के बेटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button