यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ती जगुआर कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे सवार

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती जगुआर कार में अचानक आग लग गई, हालांकि कार सवारों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी बीच, इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर यमुना एक्सप्रेसवे के 41 किलोमीटर हिस्से को 'नो प्रोटेस्ट जोन' घोषित किया गया है।

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की दोपहर जीरो प्वाइंट से करीब चार किलोमीटर आगे आगरा की ओर जा रही एक लग्जरी जगुआर कार में अचानक आग लग गई। कार सवारों ने समय रहते रोक कर बाहर निकल कर जान बचाई। जब तक दमकल और पुलिस ने आग पर काबू पाया कार बुरी तरह से जल चुकी थी।
सीएफओ प्रदीप कुमार के मुताबिक, इकोटेक-वन कोतवाली पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली की यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कार में आग लगी है। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर मशक्कत से आग पर काबू पाया। कार सवार ने बताया कि वह गुरुग्राम से मथुरा जा रहा था।
चलते समय वाहन में स्पार्किंग हुई, जिससे धुआं निकला और देखते ही देखते आग लग गई। गनीमत रही कि वह समय रहते बाहर निकल गए। कार बुरी तरह जल गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने क्रेन से वाहन हटवाकर ट्रैफिक सुचारु कराया।
बताया जा रहा है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के परी चौक से शुरू होकर मथुरा तक 41 किलाेमीटर तक, यानी अलीगढ़ बार्डर तक के हिस्से को नो प्रोटेस्ट जोन घोषित किया गया है। इस संबंध में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 22 मई को निर्देश जारी किए थे। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि संभवतः यह देश का पहला एक्सप्रेसवे होगा, जहां प्रोटेस्ट पर आधिकारिक तौर पर रोक लगाई गई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर अक्सर प्रदर्शन के चलते लंबा जाम लगता था। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी फंस जाती थीं। अब इस फैसले से वाहनों की आवाजाही बिना रुकावट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button