ईंधन बचाने के लिए बाइक चलाकर विधान भवन पहुंचे सीएम फडणवीस, पीएम मोदी की अपील का दिखा असर

पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विधान भवन मोटरसाइकिल से पहुंचे। वहीं, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे अपने आवास से मंत्रालय तक पैदल चलकर गए।

मुंबई/एजेंसी। मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बीच बीते दिनों पीएम मोदी ने पेट्रोलियम उत्पादों की खपत कम करने की अपील की है। पीएम मोदी के अपील का असर आम लोगों के साथ-साथ राज्य की सरकारों के फैसलों और नेताओं के कामकाज में भी दिखाई दे रहा है। पीएम मोदी की अपील के बाद आज यानी गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे। जिसका वीडियो सामने आया है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ से दक्षिण मुंबई के विधान भवन तक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गए, उनके साथ भाजपा नेता और मंत्री आशीष शेलार भी थे। वहीं, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के लिए राज्य सचिवालय, मंत्रालय तक पैदल चलकर गए।
बता दें कि फडणवीस ने बुधवार को मितव्ययिता उपायों की एक श्रृंखला की घोषणा की, जिसमें मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या को आधा करना और मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के विदेश दौरों को रद करना शामिल है। भाजपा के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ने कहा कि ये उपाय प्रधानमंत्री मोदी के ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने के आह्वान के जवाब में लाए गए हैं, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को प्रभावित कर रहा है। भारत कच्चे तेल और गैस आयात के लिए इस क्षेत्र पर काफी हद तक निर्भर है।
बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विदेश यात्राओं के दौरान मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या निर्धारित सीमा के भीतर रहनी चाहिए। अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस आयुक्त या पुलिस अधीक्षक की होगी। राज्य सरकार खर्च में कटौती के अभियान के तहत विभिन्न विभागों को आवंटित वाहनों की कड़ी समीक्षा भी करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button