ग्रेटर नोएडा में ‘भारत शिक्षा एक्सपो 2026’ का भव्य आगाज़
भविष्य उन्मुख शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास पर केंद्रित तीन दिवसीय आयोजन शुरू

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में गुरुवार को ‘भारत शिक्षा एक्सपो 2026’ के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में देश-विदेश के शिक्षण संस्थान, शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ, एडटेक कंपनियां, काउंसलर और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एक ही मंच पर जुटे हैं।
यह आयोजन इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा किया जा रहा है, जिसे ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (GNIDA) का सहयोग प्राप्त है। इसका उद्देश्य शिक्षा में नवाचार, कौशल विकास और सहयोग को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन सत्र में कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें पूर्व आईपीएस अधिकारी अनिल प्रथम, डॉ. जहीर खान, डॉ. संदीप सिंह कौरा और आईईएमएल के सीईओ सुदीप सरकार शामिल रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कौशल-आधारित शिक्षा, करियर काउंसलिंग और नई शिक्षा नीति 2020 के महत्व पर जोर दिया।
विशेषज्ञों ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल और व्यावहारिक ज्ञान सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को फॉरेंसिक साइंस, साइबर क्राइम, क्रिमिनोलॉजी और अन्य उभरते क्षेत्रों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
एक्सपो में विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, एडटेक कंपनियों और स्किल डेवलपमेंट संगठनों की सक्रिय भागीदारी है। इसके साथ ही हैकाथॉन, क्विज, रोबोटिक्स वर्कशॉप, एआर/वीआर अनुभव, काउंसलिंग सेशन और इंटरैक्टिव लर्निंग गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
आयोजन के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रिंसिपल्स कॉन्फ्रेंस और ‘विश्व गुरु सम्मेलन’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें शिक्षा के भविष्य, डिजिटल लर्निंग और वैश्विक अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
सीबीएसई परीक्षा परिणाम हाल ही में घोषित होने के चलते इस एक्सपो का महत्व और बढ़ गया है। यह विद्यार्थियों और अभिभावकों को करियर, उच्च शिक्षा और वैश्विक अवसरों के बारे में विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान कर रहा है। यह एक्सपो 16 मई 2026 तक जारी रहेगा।




