नीट पेपर लीक विवाद में एनटीए ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त किया, दर्ज होगा क्रिमिनल केस
पेपर लीक मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने इस संबंध में 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है।

नई दिल्ली/एजेंसी। पेपर लीक विवाद के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इन अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी तथा आगे और सख्त कदम उठाए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि पेपर लीक मामलों को लेकर चल रही जांच के बीच यह कार्रवाई की गई है। एनटीए पहले भी विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक को लेकर विवादों में रही है। नीट-यूजी परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए यह बड़ा निर्णय लिया है।
पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और छात्र संगठनों द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी बीच एजेंसी के भीतर यह कार्रवाई बड़े बदलावों का संकेत मानी जा रही है।
इस बीच गुरुवार, 24 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में पेपर लीक संशोधन बिल को मंजूरी दे दी गई है। प्रस्तावित कानून में पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। यदि यह विधेयक कानून बनता है तो दोषियों को 10 वर्ष तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
सरकार द्वारा बिल को मंजूरी दिए जाने के बाद एनटीए के अधिकारियों पर कार्रवाई को एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में इस मामले में और भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।




