फतेहपुर के किशनपुर थाना क्षेत्र में खेमकरनपुर गांव के पास डंफर और बाइक की टक्कर में दंपति की मौत

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के खेमकरनपुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी के समीप आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, खागा कोतवाली क्षेत्र के चौड़ाखेर निवासी सुभाष सिंह (28) पुत्र गुलाब अपनी पत्नी सोनम देवी (25) के साथ ससुराल किशनपुर से खागा लौट रहे थे। जैसे ही वे खेमकरनपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे डंफर से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से घायलों को हरदो पीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक सुभाष परिवार में सबसे बड़ा था, उसके दो छोटे भाई और तीन बहनें हैं। लगभग आठ वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद दंपति की कोई संतान नहीं थी।
थाना प्रभारी किशनपुर बच्चेलाल प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।




