हाईस्कूल में छह रैंक की छलांग और इंटरमीडिएट में आठवें स्थान पर रहा गाजियाबाद

गाजियाबाद ने हाईस्कूल में अयान खान और इंटरमीडिएट में टिमोथी मंडल जिले के टॉपर रहे, दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया।
गाजियाबाद। यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया गया। शानदार परीक्षा परिणाम देख विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। प्रदेश स्तर पर हाईस्कूल में 13वीं और इंटरमीडिएट में आठवीं रैंक हासिल की है। जबकी इस साल यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम हाईस्कूल में 92.93 प्रतिशत और इंटरमीडिएट 87.24 प्रतिशत रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश स्तर पर हाईस्कूल में जिले के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। इस साल हाईस्कूल प्रदेश में 13वें स्थान पर रहा है। वर्ष 2025 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 92.48 प्रतिशत के साथ प्रदेश में 19 वें स्थान पर रहा था।

गाजियाबाद के अयान खान ने किया कमाल
वहीं इंटरमीडिएट में जिला बीते वर्ष की तरह आठवें स्थान पर ही रहा। वर्ष 2025 में भी इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 88.28 प्रतिशत के साथ प्रदेश स्तर पर आठवें स्थान पर ही रहा था। हाईस्कूल में महर्षि दयानंद विद्यापीठ इंटर कालेज के छात्र अयान खान 95.33 प्रतिशत अंक के साथ जिले में पहले स्थान पर रहे हैं।
इसी विद्यालय की राशिका 91.83 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे, बीआरएस कांवेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोनी की वति कुमारी 91.50 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। इंटरमीडिएट में महर्षि दयानंद विद्यापीठ इंटर कॉलेज के टिमोथी मंडल ने 93.40 प्रतिशत अंक के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
गवर्नमेंट आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज मुरादनगर के विशेष व महर्षि दयानंद विद्यापीठ इंटर कॉलेज की हिबा फातमा ने 90.20 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा व महर्षि दयानंद विद्यापीठ इंटर कॉलेज की निशु कुमारी ने 88.60 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है।
वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा के लिए जिले में 28,550 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था। इनमें से 27,176 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी और 25,254 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 25,235 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था। 24,471 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी और 21,349 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए।




