पहले गमछे से गला दबाकर की हत्या, फिर दो दिन बाद डीजल डालकर जलाया शव, पांच गिरफ्तार

27 अप्रैल को दिया वारदात को अंजाम, बुधवार दोपहर मिले कंकाल तो जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद। मोदीनगर में दो दिन पहले हैरिटेज स्कूल के पीछे खेत में मिले कंकाल गांव सीकरी कलां के उमाशंकर के ही थे। पांच आरोपितों ने 27 अप्रैल को शराब पीने के दौरान गाली-गलौज को लेकर झगड़े में उमाशंकर की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। दो दिन बाद डीजल डालकर शव में आग लगा दी।
पुलिस ने स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें पांचों आरोपित उमाशंकर के साथ जाते दिखे। पुलिस ने पांचों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी घटना से पर्दा हटा।
पांचों आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मेरठ के टीपीनगर निवासी गौरव सैनी और मोदीनगर के गांव सीकरी कलां के नीरज सैनी, अजय उर्फ छिद्दा, पंकज सैनी, मनोज सैनी हैं।
मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सीकरी कलां निवासी 40 वर्षीय उमाशंकर शर्मा उर्फ बदल फ्लेक्स व हॉर्डिंग लगाने का काम करते थे। पत्नी की सात साल पहले मौत हो गई थी। उनके दो बेटी व एक बेटा है। जो भाई दुष्यंत के पास रहते हैं। रोजाना शराब पीते थे।
27 अप्रैल की शाम को वे गौरव व नीरज के साथ ढाबे पर शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद उनके पास अजय, पंकज व मनोज आए। चूंकि पांचों एक-दूसरे को पहले से जानते थे तो सभी ने एक साथ शराब पीने की मन बनाया। सभी हैरिटेज स्कूल के पीछे जंगल में चले गए।
यहां खेत के पास जमीन पर बैठकर शराब पीने लगे। नशे में होने पर उमाशंकर ने नीरज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद मनोज व पंकज से भी गाली-गलौज की। कुछ देर बाद इनके बीच हाथापाई होने लगी। पांचों आरोपित उमाशंकर के खिलाफ हो गए।
अजय, गौरव व मनोज ने उमाशंकर के हाथ व पैर पकड़े और नीरज व पंकज ने गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। शव को मौके पर फेंककर भाग गए। दो दिन बाद वे दोबारा मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मिटाने के इरादे से डीजल डालकर आग लगा दी। मामले में पुलिस ने दुष्यंत की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button