दिल्ली में अपराधी बेखौफ, 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से घर में घुसकर किया दुष्कर्म

दिल्ली के रंजीत नगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मारपीट और दुष्कर्म के आरोपी मुकेश को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पांडव नगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पानी मांगने के बहाने घर की रेकी की थी और 11 अप्रैल को वारदात को अंजाम दिया।
दिल्ली ब्यूरो। रंजीत नगर इलाके में बुजुर्ग महिला से मारपीट कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को रणजीत नगर थाना पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पांडव नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान बलजीत नगर के मुकेश के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, 11 अप्रैल को रंजीत नगर पुलिस को एक पीसीआर काल के माध्यम से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को एसवीबीपी अस्पताल, पटेल नगर में भर्ती कराया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि होने पर मामला दर्ज किया गया। अगले दिन पीड़िता की बेटी ने थाने में आकर जानकारी दी कि आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म भी किया है।
इसके बाद पीड़िता का दोबारा मेडिकल कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले में धारा 76 बीएनएस जोड़ दी गई। आरोपित को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध की गतिविधियों को ट्रैक किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 13 अप्रैल को पांडव नगर इलाके से आरोपित मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपित पहली बार नौ अप्रैल को पानी मांगने के बहाने घर आया था। उसी दौरान उसने महिला को अकेला देखकर मौका तलाशा और 11 अप्रैल को जबरन घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने पहले घर की रेकी की थी। महिला को अकेला देखकर गलत इरादे से दोबारा आया। जबरन घर में घुसकर मारपीट और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।




