अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस द्वारा महिलाओं को किया गया सम्मानित

संजय अग्रवाल,(नई दिल्ली)। राजधानी दिल्ली समेत पूरे भारतवर्ष में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को मनाया जाता है। इस अवसर पर जगह-जगह महिलाओं के सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं का सम्मान भी किया जाता है। इसी कड़ी में उत्तर पूर्वी जिला दिल्ली पुलिस द्वारा यमुना विहार के ली डायमंड बैंकट हॉल में महिला सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उन महिलाओं का सम्मान किया गया जिन्होंने या तो पुलिस की वर्दी पहनकर देश की सेवा की है या फिर जिन्होंने पुलिस की वर्दी के बिना भी अपने तरीके से देश की सेवा में हमेशा तत्पर दिखाई है। ऐसी ही लगभग 32 महिलाओं को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र के साथ 2000 रुपए के नगद पुरस्कार से नवाजा गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भारतीय मुक्केबाज अर्जुन पुरस्कार विजेता सुश्री सिमरनजीत कौर के हाथों सभी महिलाओं को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुश्री सिमरनजीत कौर ने बताया कि किस प्रकार से आज देश की महिलाएं देश का नाम रोशन कर समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दे रही हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवक-युवतियों द्वारा नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। वही उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त डॉ जॉय टिर्की का कहना था कि 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन महिलाओं का सम्मान किया जाता है हम क्षेत्र की जनता से उम्मीद करते हैं और उन्हें यह संदेश देते हैं कि महिलाओं का सम्मान करके और महिलाओं को बढ़ावा दें। आजकल महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर कार्य रही हैं। हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही है और देश के विकास में भागीदारी भी निभा रही है। इसीलिए मैं अपील करता हूं कि महिलाओं का सम्मान करें और उनको आसमान में उड़ने का मौका दें।इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के कई पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।




