ईस्ट दिल्ली के जगतपुरी में मदरसे में लगी आग, 150 बच्चों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली। जगतपुरी के न्यू ब्रजपुरी इलाके में रविवार शाम एक मदरसे के बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किंट के कारण आग लग गई। इस दौरान मदरसे में करीब 150 बच्चे और टीचर थे। सूचना के बाद दमकल विभाग की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। वही तुरंत एसएचओ जगतपुरी भी अपनी टीम के साथ पहुंच गए। बच्चों समेत सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान दो छोटे सिलिंडर फटने से दो फायरकर्मी घायल भी हो गए।
दमकल विभाग के मुताबिक रविवार शाम 5:41 पर न्यू ब्रजपुरी गली नंबर 6 स्थित मदरसे के बिजली मीटर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की 17 गाड़ियां पहुंच गईं। आग ग्राउंड फ्लोर के बिजली के मीटर में लगी थी। हालांकि आग काफी तेजी से ऊपर की मंजिल तरफ भी बढ़ रही थी। इसलिए फायर की तीन गाड़ियों और बुला ली गई। चार मंजिले मदरसे में छात्राओं का हॉस्टल भी है। जिसमें 100 छात्राएं रहती हैं। साथ ही कुछ टीचर भी रहते हैं। सभी को छत के रास्ते दूसरे मकानों पर सुरक्षित पहुंचाया गया। इस दौरान फायर ऑफिसर प्रदीप और फायर ऑफिसर नियाजुद्दीन घायल हो गए। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर इलाज के बाद बाद में दोनों को छुट्टी दे दी गई। वहीं पुलिस का कहना है कि जब आग लगी थी, तब करीब 125 से 150 छात्र-छात्राएं चार मंजिले मदरसे में मौजूद थे। हालांकि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग पर काबू पा लिया गया है।




