सुदनपुर कंपोजिट विद्यालय में वार्षिक उत्सव और मेधावी छात्र सम्मान समारोह धूमधाम से संपन्न

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। विजईपुर विकासखंड के सुदनपुर कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को शिक्षा विभाग का वार्षिक उत्सव और मेधावी छात्र सम्मान समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति शामिल रही। इन कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की गई। अभिभावकों ने दिनेश मास्टर, धर्मेंद्र मास्टर सहित समस्त विद्यालय स्टाफ के प्रयासों की प्रशंसा की। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय शिक्षकों नरेंद्र अग्रहरि, बृजेश कुमार, भूपेंद्र कुमार सहित कई शिक्षकों ने अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में जिले के प्रतिष्ठित शिक्षक और अधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव, प्रवक्ता विनय कुमार मिश्र, राज्य संसाधन समूह सदस्य जयचंद्र पाण्डेय और राधेश्याम दीक्षित, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी, एआरपी प्रदीप शुक्ल, सुशील कुमार मौर्य, मोहित मोहन शर्मा, तथा सेवानिवृत्त शिक्षक मान सिंह और विद्या सागर श्रीवास्तव प्रमुख रहे।
विद्यालय के शिक्षकों ने सभी मेहमानों का स्वागत माला पहनाकर, शील्ड और डायरी भेंट कर किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षकों के हितों पर विस्तृत चर्चा हुई। अतिथियों ने शिक्षकों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। यह वार्षिक उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें शिक्षकों और अधिकारियों ने एकजुट होकर शिक्षा के विकास पर विचार-विमर्श किया।




