फतेहपुर में दो चोरियों में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खागा थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर (नौबस्ता बाईपास) मोहल्ले में दिसंबर और जनवरी में हुई लाखों रुपये की दो चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक जोड़ी पायल, चार बिछिया, एक लैपटॉप, एक मोबाइल और 3200 रुपये बरामद किए गए हैं।
दिसंबर में अयोध्या नगर निवासी हंसराज सिंह के घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये का सामान चोरी किया गया था। चार जनवरी को आकाश सोनी के घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पार कर दिए गए थे। दोनों मामलों में हंसराज सिंह और आकाश सोनी की पत्नी संजना ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले में खागा कस्बे के नई बाजार निवासी अभि उर्फ कृष्णा, सरसई बुजुर्ग निवासी अभिषेक सिंह और राधानगर कोतवाली क्षेत्र के झाऊपुर पुलिया निवासी राहुल को गिरफ्तार किया। कोतवाल आरके पटेल ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को कस्बे से पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने दोनों घटनाएं कबूल की हैं। कुछ चोरी का सामान बरामद हुआ है। बाकी सामान पहले ही बेचा जा चुका है।




