कौशाम्बी पुलिस की कार्रवाई,व्हाट्सएप पर रंगदारी माँगने वाले दो युवक गिरफ्तार
एआई से बनाई असलहे वाली फोटो भेजकर व्यापारी से माँगी पाँच लाख की रंगदारी

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी जिले के भरवारी कस्बे में कपड़ा व्यापारी से व्हाट्सएप पर असलहे की फोटो भेजकर पाँच लाख रुपये की रंगदारी माँगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। व्यापारी प्रज्जवल केसरवानी ने बताया कि उसे अनजान नंबर से मैसेज आया था, जिसमें धमकी दी गई थी कि रकम न देने पर गोली मार दी जाएगी। शिकायत पर कोखराज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मोबाइल नंबर की लोकेशन और सर्विलांस के आधार पर जांच शुरू की। जांच में सामने आए आरोपियों इसरार अहमद निवासी अशोक नगर चायल थाना पिपरी और मोहम्मद आबिद निवासी समदा थाना मंझनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए।
पूछताछ में आबिद ने स्वीकार किया कि 30 मार्च को उसके बहनोई इसरार ने एआई तकनीक से उसकी तमंचे वाली फोटो बनाई और व्यापारी को भेजकर रंगदारी माँगी थी। आरोपियों ने धमकी भरे फोन भी किए थे। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह घटना साइबर माध्यम से रंगदारी माँगने के नए तरीके को उजागर करती है, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराधियों को पकड़ लिया।




