दिल्ली में सीबीआई का बड़ा एक्शन, एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा और ऑडिट ऑफिसर दिव्यांशु गौतम रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा नॉर्थ जोन में दिल्ली नगर निगम के एक लाइसेंसिंग इंस्पेक्टर से चार लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में सीबीआइ ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा और ऑडिट ऑफिसर (एओ) दिव्यांशु गौतम को देर रात गिरफ्तार कर लिय। यह मामला पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं विंग का है। जानकारी के अनुसार, लाइसेंसिंग इंस्पेक्टर मुकेश के खिलाफ एक इंक्वायरी चल रही थी। आरोप है कि इसी जांच के दौरान डिप्टी कमिश्नर और एओ ने मामले को प्रभावित करने के लिए चार लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। इस पर मुकेश ने सीबीआई के एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई।
दिल्ली नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में शाहदरा साउथ जोन में ही एक सहायक अभियंता (एई) को ठेकेदार से रिश्वत मांगने के आरोप में सीबीआइ ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीबीआई को शिकायत मिली थी कि अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। इस इनपुट के आधार पर एजेंसी ने ट्रैप ऑपरेशन चलाया और आरोप है कि दोनों आरोपितों को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। कार्रवाई से पहले एजेंसी ने पर्याप्त सबूत जुटाए, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद मिश्रा से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में कोई और अधिकारी या बड़ा भ्रष्टाचार नेटवर्क शामिल तो नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button