रायबरेली से दिल छू लेने वाली तस्वीर, हरचंदपुर में बेटियों ने नवनिर्मित सड़क का किया लोकार्पण
विधायक राहुल लोधी ने दिल छू लेने वाली बात कही

रायबरेली/उत्तर प्रदेश। रायबरेली जिले के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीति के गलियारों में अक्सर देखने को मिलता है कि पत्थर के शिलापट्ट पर बड़े-बड़े नाम की होड़ लगी रहती है। उद्घाटन और लोकार्पण के कई कार्यक्रमों में वीआईपी संस्कृति और तामझाम का बोलबाला देखने को मिलता है, लेकिन हरचंदपुर विधानसभा के विकासखंड खीरों में एक ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने न केवल विकास की नई राह दिखाने की कोशिश की, बल्कि समाज की पारंपरिक सोच को भी एक नई दिशा दी है। बेटियों के हाथों से लोकार्पण और उद्घाटन कराया गया।
रायबरेली जिले के हरचंदपुर विधानसभा के समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी ने एक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण गांव की उन बेटियों के हाथों से कराया, जो संघर्ष और शिक्षा की मशाल थामे अपने आने वाले भविष्य को उज्ज्वल करने में आगे बढ़ती नजर आ रही हैं। लोकार्पण के इस भावुक और ऐतिहासिक क्षण में विधायक राहुल लोधी ने दिल को छू लेने वाली बात बताई।
उन्होंने गांव में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह सिर्फ कंक्रीट-पत्थर और डामर की बनी एक सड़क नहीं है, बल्कि यह हमारी बेटियों के सपनों का एक नया मार्ग है। उन्होंने कहा कि जहां कल तक कीचड़ और गंदगी और आवागमन की तमाम परेशानियों से यहां के लोग जूझ रहे थे, वहां आज वहां हमारी बेटियों के कोमल, लेकिन मजबूत कदमों ने उनको आसान भविष्य की एक नींव रखने का मौका मिला है।
सपा विधायक राहुल लोधी ने जोर देकर कहा कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तब तक अधूरा और बेईमानी है, जब तक कि उस क्षेत्र के विकास की सही बागडोर आधी आबादी यानी कि हमारी बेटियों और महिलाओं के हाथों में न हो। यह पहल केवल एक बुनियादी सही ढांचे का उद्घाटन मात्रा नहीं थी, बल्कि यह धरातल पर महिला सशक्तिकरण का एक जीता जागता और प्रेरक उदाहरण थी।
गांव की उन बेटियों के चेहरों पर जो मुस्कान और आत्मसम्मान का भाव देखने को मिला, वह इस बात का जीवंत प्रमाण था कि जब बेटियों को उचित सम्मान और अवसर मिलता है, तो वह पूरे समाज और देश से लेकर क्षेत्र को गौरवान्वित करती नजर आती हैं।




