कौशांबी में हत्या का आरोपी पति जेल से छूटा, पत्नी मिली जिंदा, ससुराल वाले फंसे

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। कौशांबी के महेवाघाट कोतवाली में एक माह पहले दहेज की मांग को लेकर पत्नी की हत्याकर शव गायब करने के आरोप में जेल भेजे गए युवक को मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने युवती को हरियाणा के गुडगांव में प्रेमी संग बरामद किया है। वहीं झूठे मामले में ससुरालियों पर केस करने और मामले को छुपाए जाने के आरोपियों को जेल भेजा गया है। युवती का प्रेमी युवक उसका मौसेरा भाई है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि महेवाघाट कोतवाली इलाके के अलवारा गांव निवासी राजू तिवारी पुत्र योगेन्द्र तिवारी ने 21 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराया था। जिसमें बताया गया कि उसकी पत्नी अपने दो बच्चों को छोड़कर कही चली गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही थी। तभी 20 फरवरी को युवती के मायका परिजनों ने पुलिस तहरीर दिया कि उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने हत्या कर उसका शव गायब कर दिया है।
पुलिस ने युवती के पति सहित ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पति राजू तिवारी ने कोर्ट में अपने को 27 फरवरी को सिरेंडर कर दिया, जिसें पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। इधर घटना को लेकर जांच कर रही पुलिस ने युवती के मौसेरे भाई से पूछताछ किया। लेकिन उसने युवती के संबंध में जानकारी से इंकार कर दिया। पुलिस की शक की सुई मौसेरे भाई संकल्प मिश्रा उर्फ रामू के इर्द गिर्द घूमती रही। क्याोंकि पहले भी उस पर युवती को भगाए जाने का आरोप था। पुलिस ने मिली गुप्त जानकारियों पर हरियाणा के गुडगांव के पुलिस स्टेशन इन्डस्ट्रीयल सेक्टर 7 मानेसर क्षेत्र में संकल्प मिश्रा की हर गतिविधियों पर नजर रखा, जिसके बाद किराए के कमरे में युवती को संकल्प मिश्रा के कमरे से बरामद कर लिया।
युवती ने अपनी मर्जी से आने की बात स्वीकार किया। युवती के संकल्प मिश्रा के साथ रहने की बात को जानते हुए मायके पक्ष के पिता व भाई को मालूम थी। इसके बावजूद उन्होंने ससुरालियों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। इधर जेल में निरूद्ध रहे पति राजू तिवारी के संबंध में न्यायालय जानकारी देते हुए पुलिस ने उसे रिहा कराया और झूठा मामला दर्ज कराने के आरोप में युवती सहित मौसेरे भाई व पिता शारदा मिश्रा व भाई गोपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।




