कन्नौज जेल से फरार 25 हजार के इनामी बदमाश को गुरुग्राम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा

गुरुग्राम। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने जेल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, उप-निरीक्षक मनोज कुमार को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कन्नौज जेल से फरार आरोपी बाइक पर सवार होकर अवैध हथियार सहित पचगांव चौक से खोह कासन की ओर आ रहा है।
सूचना पर पुलिस ने पचगांव चौक के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह बाइक गिराकर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन वह फायरिंग करता रहा। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज के हजूरापुरा निवासी अंकित कुमार उर्फ गुड्डा (24) हाल निवासी खोह, गुरुग्राम के रूप में हुई।
मुठभेड़ में कुल पांच राउंड फायर हुए, जिनमें आरोपी की ओर से तीन और पुलिस की ओर से दो फायर किए गए। मौके से एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस व पांच खाली खोल बरामद किए गए। आरोपी जनवरी 2026 में जेल से फरार हुआ था और उस पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ चोरी, लूट व शस्त्र अधिनियम के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button