आजमगढ़ में तैनात होमगार्ड निकला गैंगस्टर, 22 साल से यूपी में अंजाम दे रहा वारदात
होमगार्ड का प्रदेश के टॉप अपराधियों से कनेक्शन

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। यूपी पुलिस से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आजमगढ़ पुलिस में एक थाने पर तैनात होमगार्ड प्रदेश का बड़ा गैंगस्टर निकला, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात ये भी है कि मुबारकपुर थाने के प्रभारी इसी गैंगस्टर होमगार्ड निरंकार राम मालखाने की सुरक्षा की जिम्मेदारी देते चले आ रहे थे। इस बात का खुलासा होते ही अब प्रदेश और यूपी पुलिस डिपार्टमेंट में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुातबिक होमगार्ड निरंकार राम पर आजमगढ़, मऊ, देवरिया में कई आपराधिक मामले दर्ज है। होमगार्ड पर गांजा तस्करी, लूट डकैती समेत पाक्सो एक्ट के 8 आपराधिक केस दर्ज है। वहीं हैरानी इस बात पर भी है कि होमगार्ड निरंकार राम पर 6 मुकदमे उसी थाने में दर्ज है, जहां उसकी तैनाती चल रही है। आरोप है कि बेहद गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बाद भी मुबारकपुर थाने के प्रभारी आरोपी होमगार्ड निरंकार राम को मालखाने की सुरक्षा की जिम्मेदारी देते आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2001 में निरंकार राम की मुबारकपुर थाने पर होमगार्ड के पद पर तैनाती हुई थी। इसके बाद होमगार्ड निरंकार ने साल 2003 में अपराध जगत में कदम रखा। आरोपी होमगार्ड पिछले 22 साल से थाने पर रहकर कई बड़ी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे चुका है। वहीं चर्चा है कि होमगार्ड का प्रदेश के टॉप 10 अपराधियों से कनेक्शन भी है। इसके बाद भी उस पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।



