शादी का झांसा देकर नवयुवती का शारीरिक शोषण,आरोपी को अनूपपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्त कार्रवाई

सुमिता शर्मा,(अनूपपुर/मध्य प्रदेश)। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम और एसडीओपी श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने एक गंभीर अपराध का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली क्षेत्र की 19 वर्षीय नवयुवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम हथगला थाना बुढार जिला शहडोल निवासी शिवम महरा ने उससे मित्रता कर शादी का विश्वास दिलाया और पिछले एक वर्ष से शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 105/26 धारा 69 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया।
टीआई कोतवाली निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक शेख रसीद और आरक्षक अब्दुल कलीम की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम महरा पिता विजय महरा उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम हथगला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं पीड़िता को विधिक और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़िताओं को तुरंत रिपोर्ट दर्ज करानी चाहिए ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
शादी का झांसा देकर युवतियों का शोषण करना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत निंदनीय है। ऐसे मामलों में पीड़िताओं को साहसपूर्वक सामने आकर रिपोर्ट दर्ज करानी चाहिए, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और समाज में एक सख्त संदेश जाए। अनूपपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि प्रशासन महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर है। लेकिन केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। समाज को भी जागरूक होना होगा, ताकि युवतियों को धोखे और शोषण से बचाया जा सके। शिक्षा, जागरूकता और परिवार का सहयोग ही महिलाओं को सशक्त बना सकता है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह ऐसे अपराधों के खिलाफ आवाज उठाए और पीड़िताओं को न्याय दिलाने में सहयोग करे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button