गोरखपुर के पिपराइच रेलवे स्टेशन के गुंबद का रंग किया हरा, नीचे मुस्लिम लोग पढ़ने लगे नमाज, लोगों में आक्रोश

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर जिले के पिपराइच रेलवे स्टेशन पर उस वक्त एक नया विवाद शुरू हो गया, जब रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक भवन को तोड़कर उस पर हरे रंग का गुंबद बना दिया गया। जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को हुई तो उन्होंने ने इसका विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यह विशेष समुदाय को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके पीछे ठेकेदार और रेल प्रशासन के कुछ लोगों की मिली भगत है।
गोरखपुर थाना क्षेत्र के पिपराइच रेलवे स्टेशन पर पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य जारी है। इसके तहत एडवेस्टर सीट हटाने के साथ ही कई पहले से बने भवनों को तोड़कर उनका पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत रेलवे प्रशासन ने पिपराइच रेलवे स्टेशन के भवन को तोड़कर ऊपर गुंबद बनवाया है और उसका कलर हरे रंग का कर दिया। बस यही विवाद का जड़ बन गया।
स्थानीय लोगों ने जब इसे देखा तो इसकी सूचना पूर्व पार्षद सुभाष को दी। सुभाष ने इसका विरोध करते हुए ठेकेदार और रेलवे के अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन कोई निष्कर्ष निकलता न देख, उन्होंने इसकी सूचना महाप्रबंधक को दी और तत्काल गुंबद का कलर चेंज करने की बात कही। सुभाष सहित ग्रामीणों का आरोप है कि गुंबद का कलर हरे रंग का करने के पीछे कहीं न कहीं ठेकेदार और स्थानीय रेलवे कर्मचारियों की मिली भगत है। भवन के गुंबद के साथ ही जो एडवेस्टर सीट लगाई जा रही है, वह भी हरे कलर की है। जिसके नीचे मुस्लिम समाज के लोग नमाज भी पढ़ने लगे हैं, जिससे अन्य लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।
सुभाष का कहना था कि महाप्रबंधक से मिलकर इसे तत्काल प्रभाव से रोकने और भवन का कलर बदलने की बात कही है, यदि ऐसा नहीं होता है तो हम धरने पर बैठ जाएंगे। वहीं, रेल प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल प्रभाव से ऐक्शन लिया और सोमवार को भवन के गुंबद के आकार के साथ ही कलर हटाने के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात की चर्चा जोरों पर है लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें भी कर रहे हैं।





