उमरिया के स्कूल में हड़कंप, तीन दिन से क्लास के बाहर बाल खोलकर नाच रहीं छात्राएं, गांव में दहशत

उमरिया/मध्य प्रदेश। जिले के जनपद पंचायत करकेली में आने वाले ग्राम कल्दा स्थित हाईस्कूल में तीन दिनों से हड़कंप मचा हुआ है। स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं अजीबोगरीब हरकत कर रही हैं, जिससे अभिभावक भी सकते में हैं। दरअसल, बीते तीन दिन पहले दो छात्राओं पर भूत प्रेत का साया मंडराने लगा। अचानक क्लास में बैठी छात्राएं बाहर नाचने-कूदने लगीं। छात्राओं को ऐसा करते देख स्कूल प्रबंधन सकते में आ गया। तुरंत अभिभावकों को खबर दी गई। दावा किया जा रहा है कि परिजनों ने झाड़फूंक करवाई, जिससे छात्राएं ठीक हो गईं।
वहीं, दूसरे दिन भी कुछ छात्राओं के वही हाल रहे। उनकी भी झाड़ फूंक करवाई गई लेकिन तीसरे दिन 10-11 छात्राओं की वही स्थिति हुई। इसी बीच किसी ने वीडियो बना लिया, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दूसरी तरफ छात्राओं के अभिभावक तत्काल अपनी बच्चियों को किसी साधन से लेकर पहाड़ के ऊपर बसे गांव महोबा दादर मंदिर ले गए, जहां पंडा द्वारा झाड़ फूंक करने पर सभी छात्राएं ठीक हो गईं।
इस मामले में हाई स्कूल कल्दा के प्रभारी प्राचार्य सूरज लाल मराबी ने बताया कि पहले दिन दो बच्चियों को ऐसा हुआ। उनके अभिभावक झाड़फूंक करवा दिए थे, वो ठीक हो गईं। दूसरे दिन तीन-चार बच्चियों के साथ ऐसा हुआ तो उनकी भी झाड़फूंक करवाई गई। तीसरे दिन 10-11 बच्चियों के साथ ऐसा हुआ है, तब सभी लोगों को ग्राम महोबा दादर पंडा के पास ले जाया गया है। फिलहाल सभी ठीक हो गई हैं, हो सकता है कोई साया इनके ऊपर हो।
वहीं इस मामले में जब प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आर एस मरावी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ‘मेरे को जानकारी मिली है। मैं अभी कल्दा ही पहुंचा हूं, देखता हूं क्या मामला है। वैसे अभी डाक्टर साहब को भी खबर दिया हूं, वो भी आ रहे हैं। अभी ज्यादा कुछ नहीं बता सकता हूं।’




