3 राज्यों की पुलिस को थी तलाश, 13 लाख की इनामी सरेंडर करने पहुंची खूंखार महिला नक्सली

कबीरधाम/छत्तीसगढ़। कबीरधाम जिले में 13 लाख रुपये की एक इनामी महिला नक्सली ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों के ‘एमएमसी जोनल कमेटी’ के अंतर्गत टांडा/मलाजखंड ‘एरिया कमेटी’ की सदस्य रानीता उर्फ़ हिड़मे कोवासी (22) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया। अधिकारियों ने बताया कि कोवासी के सिर पर छत्तीसगढ़ में पांच लाख रुपए, मध्यप्रदेश में तीन लाख रुपए तथा महाराष्ट्र में पांच लाख रुपए, कुल 13 लाख का इनाम घोषित है।
उन्होंने बताया कि कोवासी ने नक्सलियों की अमानवीय और आधारहीन विचारधारा तथा उनके शोषण, अत्याचार तथा स्थानीय आदिवासियों पर होने वाली हिंसा से तंग आकर नक्सलवाद छोड़ने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस नक्सली के खिलाफ मध्यप्रदेश में कुल 19 तथा छत्तीसगढ़ में तीन अपराध दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाली महिला नक्सली को पुनर्वास नीति के तहत तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
महिला नक्सली के खिलाफ मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में कुल 19 अपराध दर्ज हैं, छत्तीसगढ़ में जिला केसीजी में 3 अपराध दर्ज हैं। महिला नक्सली ने बताया कि वह सुकमा जिले की रहने वाली है और जून 2016 में नक्सली संगठन में शामिल हुई थी। 2017 में उसे संगठन में पूर्ण सदस्य बनाया गया। इसके बाद वह 6 महीने तक किस्टाराम क्षेत्र में रही। 2017 में वह संगठन के विस्तार के लिए कोतुल एरिया माड़ आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रही।
महिला नक्सली ने बताया कि 2022 में उसने संगठन में मलाजखंड एरिया कमेटी कमांडर के साथ शादी की थी हालांकि उनकी शादी लंबी नहीं चली। एक साल बाद पति और पत्नी अलग हो गये। संगठन में छोटे स्तर के कैडर के साथ भेदभाव, दुर्व्यवहार के कारण उसने माओवादी विचारधारा छोड़ने का फैसला किया। महिला के पास से कई हथियार भी मिले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button