छत्तीसगढ़ के किसान ने बनाई सूर्यकुमार यादव की चार क्विंटल की प्रतिमा, मुंबई पहुंचकर क्रिकेटर को की भेंट
छत्तीसगढ़ के किसान लोकेंद्र साहू ने मुंबई में क्रिकेट सूर्यकुमार यादव से मुलाकात की है। साथ ही उन्हें उनकी प्रतिमा भेंट की है। लोकेंद्र साहू ने अपने गांव में 18 शहीदों की प्रतिमा स्थापित करवाई है।

बालोद,छत्तीसगढ़। बालोद जिले के रहने वाले किसान और पूर्व सरपंच लोकेंद्र साहू एक बार फिर अपनी अनूठी पहल को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने साथी कलाकार के साथ मिलकर भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव की करीब चार क्विंटल वजनी और ऊंची प्रतिमा तैयार की और उसे लेकर मुंबई पहुंचे। वहां उन्होंने भारतीय क्रिकेटर से मुलाकात कर प्रतिमा उन्हें भेंट की।
प्रतिमा को देखकर सूर्यकुमार यादव काफी प्रभावित और हैरान नजर आए। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रतिमा की ऊंचाई देखकर मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या वह वास्तव में इतने लंबे हैं। उन्होंने प्रतिमा की बारीकी से तैयार की गई आकृति को देखकर कहा कि इसमें उनके स्वरूप को पूरी तरह उतारने का प्रयास किया गया है।
मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने लोकेंद्र साहू से बातचीत भी की और छत्तीसगढ़ आने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वह छत्तीसगढ़ आएंगे और वहां लोगों तथा परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात से लोकेंद्र साहू काफी उत्साहित नजर आए।
लोकेंद्र साहू को क्रिकेट से विशेष लगाव है। वह गांव के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहले भी क्रिकेट से जुड़ी पहल कर चुके हैं। उन्होंने अपने गांव में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा भी स्थापित करवाई है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए ऐसे प्रयास जरूरी हैं।
लोकेंद्र साहू की सामाजिक गतिविधियां केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने अपने गांव में देश के 18 शहीदों की प्रतिमाएं भी स्थापित करवाई हैं। इनमें 26/11 आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों से लेकर छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों की प्रतिमाएं शामिल हैं।
लोकेंद्र साहू के अनुसार, वह किसान हैं और पूर्व में सरपंच की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। देश के जवानों के प्रति सम्मान और क्रिकेट के प्रति लगाव ने उन्हें इन कार्यों के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि गांव में शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए उन्होंने अपनी खेती की जमीन और पत्नी के गहने तक बेच दिए।
लोकेंद्र साहू की इच्छा है कि गांव में स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण किसी प्रसिद्ध क्रिकेटर के हाथों हो। उनका कहना है कि इससे शहीद परिवारों और ग्रामीणों को विशेष सम्मान की अनुभूति होगी। सूर्यकुमार यादव से हुई मुलाकात और उनके छत्तीसगढ़ आने के भरोसे के बाद लोकेंद्र साहू की इस पहल को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।




