दुबई में पाकिस्तानी भिखारियों की दुकान बंद

भीख मांगने वाले शख्स से बरामद हुए लाखों रुपये, एक्शन में यूएई पुलिस

दुबई/एजेंसी। रमजान से पहले दुबई में पुलिस ने भीख मांगने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है। खासतौर पर विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के दौरान एक ऐसे भिखारी को पकड़ा गया जो लाखों की संपत्ति और तीन लग्जरी कारों का मालिक निकला। संदिग्ध और आपराधिक घटना विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर अली सलेम अल शम्सी के मुताबिक, कुछ लोग जनता की उदारता का गलत फायदा उठाकर पैसे कमाते हैं। बाजार में छापेमारी के दौरान एक भिखारी की चटाई के नीचे से 25000 दिरहम (करीब 6 लाख रुपये) बरामद हुए।
इसके अलावा टूरिस्ट वीजा पर आए एक एशियाई व्यक्ति के पास से 5 लाख रुपये बरामद किए गए। वह मस्जिदों के पास भीख मांगता था और लोगों की सहानुभूति पाने के लिए अपने दो साल के बच्चे को साथ रखता था। भिखारियों की कमाई का अंदाजा लगाने के लिए शारजाह पुलिस ने एक परीक्षण किया। इसमें एक घंटे में 367 दिरहम (करीब 9 हजार रुपये) इकट्ठा हुए। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में से 90% ऐसे पर्यटक हैं जो रमजान के दौरान आसान पैसा कमाने के इरादे से आते हैं।
बताया गया है कि पाकिस्तान के कुछ संगठित गिरोह लोगों को फ्लाइट टिकट और वीजा दिलाकर दुबई भेजते हैं। इनमें से अधिकतर लोग सिंध प्रांत के होते हैं। 2025 में संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब ने करीब 24000 पाकिस्तानियों को निर्वासित किया था।
दुबई के कानून के तहत भीख मांगते पकड़े जाने पर 5000 दिरहम जुर्माना और तीन महीने तक जेल हो सकती है। विदेश से भिखारी भेजने वालों को कम से कम छह महीने की जेल और एक लाख दिरहम से ज्यादा का जुर्माना देना पड़ सकता है।
तीन महीने पहले संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तानियों को वीजा जारी करना बंद कर दिया था। हालांकि ब्लू और डिप्लोमैटिक पासपोर्ट धारकों को वीजा मिल रहा है। पाकिस्तानी अखबार डोन की रिपोर्ट के मुताबिक पहली बार और सिंगल-एंट्री वीजा के 70-80% आवेदन खारिज हो रहे हैं।
लाहौर के 28 वर्षीय नदीम का वीजा दो बार रिजेक्ट हुआ। ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, 40 साल से कम उम्र के लोगों की ज्यादा जांच की जा रही है। हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि यूएई ने आधिकारिक तौर पर कोई बैन नहीं लगाया है। दस्तावेजों में गड़बड़ी या AI आधारित सिस्टम में संदेह मिलने पर वीजा तुरंत रिजेक्ट किया जा रहा है। हाल के समय में अपराध और भीख मांगने की घटनाओं में पाकिस्तानी नागरिकों का नाम सामने आने के बाद जांच और कड़ी हो गई है।
2025 में भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सभी वीजा सेवाएं बंद कर दी हैं। पुराने वीजा रद कर दिए गए हैं और नए टूरिस्ट, बिजनेस या मेडिकल वीजा जारी नहीं किए जा रहे। इजराइल आम पाकिस्तानी पासपोर्ट पर प्रवेश नहीं देता। खास सरकारी अनुमति से ही यात्रा संभव है। यह पाबंदी दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध न होने और सुरक्षा कारणों से है। इसके अलावा लीबिया और सूडान में भी पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा मिलना बेहद मुश्किल है। सुरक्षा और राजनीतिक हालात के कारण ज्यादातर आवेदन खारिज कर दिए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button