गुरुग्राम में दो लाख की रंगदारी न देने पर व्यक्ति से मारपीट करने वाला कुख्यात टिल्लू गिरफ्तार

गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में दो लाख रुपये की रंगदारी न देने पर कुख्यात नरेंद्र उर्फ टिल्लू व उसके साथियों द्वारा एक व्यक्ति से मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित नरेंद्र उर्फ टिल्लू को शुक्रवार रात राजीव चौक से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में पांच आरोपितों को पकड़ा जा चुका है।
इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर छह जनवरी को केस दर्ज किया गया था। बादशाहपुर के रहने वाले पीड़ित व्यक्ति ने बताया था कि उसने किसी की जमीन किराये पर लेकर झुग्गी बना रखी है। इसके गांव का नरेंद्र उर्फ टिल्लू जो मर्डर के केस में जेल में भी रहा है, वह जब जेल से बाहर आया तब उसने मदद न करने की बात कहते हुए विवाद किया और इससे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। डर के कारण तब उसने एक लाख रुपये दे दिए।
कुछ दिन बाद टिल्लू ने दोबारा दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मना करने पर छह जनवरी को व्यक्ति के साथ 15 से 20 लोगों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सोहना क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच करते हुए अब शुक्रवार रात आरोपित को राजीव चौक से पकड़ लिया। इसकी पहचान बादशाहपुर रविदास मोहल्ला के रहने वाले नरेंद्र उर्फ टिल्लू के रूप में की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपित टिल्लू के विरुद्ध गुरुग्राम में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, डकैती, सरकारी कार्य में बाधा डालने, आर्म्स एक्ट व आबकारी अधिनियम के तहत कुल 12 केस पहले से ही दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button