सीमापुरी थाना पुलिस ने सात साल से फरार आजीवन कारावास प्राप्त अपराधी को दबोचा

दिल्ली पुलिस ने 2012 के प्रयास‑हत्या मामले में दोषी करार दिए गए और 2019 से पैरोल पर फरार चल रहे विजय कुमार को उत्तराखंड के काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पत्नी पर लोहे के तवे से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं और उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी। फरारी के दौरान उसने मुरादाबाद और काशीपुर में रहकर शेयर ब्रोकिंग का काम किया और परिवार से संबंध तोड़ लिए। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र में दर्ज एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सात साल से फरार घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 18 जून 2012 का है, जब अक्षय कुमार निवासी दिलशाद गार्डन ने शिकायत दी थी कि उसके पिता विजय कुमार ने पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया। सोते समय आरोपी ने लोहे के तवे से सिर पर कई बार वार किया, जिससे पीड़िता को गंभीर चोटें आईं और उसके सिर की हड्डियां टूट गईं। लंबे समय तक कोमा में रहने के बाद भी वह जीवनरक्षक उपकरणों पर निर्भर रही।
इस मामले में 2016 में सत्र न्यायालय ने आरोपी विजय कुमार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। 2019 में उसे पैरोल पर रिहा किया गया, लेकिन वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया। 2022 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में कई छापेमारी की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
आरोपी को पकड़ने के लिए सीमापुरी थाना पुलिस ने डीसीपी शाहदरा के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई। एएसआई दीपक कुमार, एचसी जितेंद्र, एचसी अभय पंवार, एचसी मनोज, एचसी गगनदीप, एचसी तेजवीर, एएसआई राहुल, एचसी सचिन राणा, एचसी चंदन, एचसी जयवीर और कॉन्स्टेबल सुनील इस टीम में शामिल थे। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को सफलता मिली।
आखिरकार आरोपी विजय कुमार उर्फ विजय शर्मा को उत्तराखंड के काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि 2019 में पैरोल से फरार होने के बाद उसने परिवार से सारे संबंध तोड़ लिए और पहले मुरादाबाद में किराए के मकान में रहकर शेयर ब्रोकिंग का काम शुरू किया। बाद में उसने दोबारा शादी की और पिछले चार साल से काशीपुर में रह रहा था ताकि गिरफ्तारी से बच सके। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




