गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
मां का गाल चूमा, पिता से 'आई लव यू' बोला और 9वीं मंजिल से कूद गईं, कोरियन में ही बात करती थीं तीनों बहनें

गाजियाबाद ब्यूरो। गाजियाबाद में मंगलवार की देर रात की पूरी कहानी सामने आ गई है। पुलिस के मुताबिक रात करीब पौने दो बजे तीनों नाबालिग बहनें चुपचाप बिस्तर से उठीं। मां के गाल को चूमकर और पिता से ‘आई लव यू’ कहकर वे मंदिर वाले कमरे में चली गईं और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद टीलामोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में नौवीं मंजिल से तीनों के कूदने की आवाज ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। मोबाइल फोन की लत छुड़ाने के लिए पिता द्वारा रोक लगाए जाने के बाद तीनों सगी बहनों ने कथित तौर पर सामूहिक आत्महत्या कर ली।
मोबाइल फोन की लत छुड़वाने के लिए पिता के रोकने पर तीन सगी नाबालिग बहनों ने बालकनी से कूदकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। तीनों बहनें लंबे समय से कोरियन गेम, ड्रामा स सीरियल देखकर पूरी तरह से कोरियन कल्चर की आदी हो चुकी थीं। तीनों बहनों की उम्र 16, 14 व 12 साल है। मौके पर छोड़े गए सुसाइड नोट में किशोरियों ने स्वजन द्वारा कोरियन कल्चर छुड़वाए जाने को आत्महत्या का कारण बताया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मोबाइल फोन, सुसाइड नोट व अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। मोबाइल फोन में मशगूल रहने व कोरियन कल्चर से बाहर निकालने के लिए कुछ दिन पहले ही पिता ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया था। इसके बाद मंगलवार रात तीनों बहनों ने यह कदम उठाया।
मूलरूप से दिल्ली खजूरी के पास गामड़ी गांव के रहने वाले चेतन कुमार शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। वह करीब 11 वर्ष पूर्व टीला मोड़ क्षेत्र में आकर बसे थे। करीब आठ साल ऑक्सी होम्स में रहने के बाद वह पिछले तीन साल से भारत सिटी काॅलोनी की नौवीं मंजिल पर बने फ्लैट में रह रहे थे। परिवार में दो पत्नी सुजाता, हिना, पांच बच्चे लविश 16, निशिका 16, प्राची, 14, पाखी 12 व तीन साल की बेटी थे। निशिका व लविश पहली पत्नी से और प्राची, पाखी व पांचवी संतान हिना से थी। लविश बचपन से ही मानसिक रूप से बीमार है। वर्ष 2020 में निशिका चौथी, प्राची तीसरी और पाखी दूसरी कक्षा में पढ़ती थी लेकिन परिवार के आर्थिक कारणों के कारण उनकी पढ़ाई छूट गई थी।
इसके बाद से वह घर पर रहती थीं। बताया गया है कि तीनों बहनों को काफी समय से कोरियन गेम्स, गाने व सीरियल देखने की लत पड़ गई थी। तीनों ने सीरियल के मुताबिक अपनी एक टीम बना ली थी और प्राची इस टीम की लीडर थी। लगातार कोरियन बेस्ड सामग्री देखकर बहने पूरी तरह से कोरियन कल्चर में ढल गई थीं। उनका रहन-सहन और बातचीत भी कोरियन में ही होने लगी थी।
इससे परेशान होकर कुछ दिन पहले पिता ने उनसे मोबाइल फोन छीन लिया था। इसके बाद से तीनाें बहन परेशान रहने लगी थीं। मंगलवार रात तीनों माता-पिता के पास बेडरूम में लेटी हुई थीं। रात करीब पौने दो बजे तीनों उठी और मां के गाल पर चूमकर व पिता को आई लव यू बोलकर मंदिर वाले कमरे में आ गई और कमरा भीतर से बंद कर लिया। कुछ देर तक उनके नहीं आने पर माता व पिता ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। इसी दौरान नीचे से धमाके की आवाज आई तो पिता ने बेडरूम की खिड़की से नीचे झांककर देखा। एक बेटी नीचे गिरी हुई देखकर शोर मचाया तो इतनी देर में बाकी दोनों बेटी नीचे कूद गई। वह भाग कर नीचे आए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची ने तीनों को लोनी के अस्पताल में भर्ती कराया, यहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर जांच की। कमरे में खिड़की से सटा हुआ एक सीढ़ी नुमा स्टूल पुलिस को मिला। इसके साथ ही बहनों की माता-पिता के साथ बचपन की फोटो नीचे जमीन पर एक गोलाकार आकृति में रखी हुई मिली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील का कहना है कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से पुलिस व फोरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट, मोबाइल फोन व अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। मोबाइल फोन खुलने के बाद ही गेमिंग एप की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कोरियन कल्चर से जुड़कर तीनों बहन एक हो चुकी थीं। तीनों हमेशा एक साथ ही रहती थीं। नहाना और खाना भी एक साथ ही होता था। यदि एक बहन भूखी रहती थी तो बाकी दोनों भी खाना नहीं खाती थीं और यदि एक बहन एक दिन नहीं नहाती थी तो बाकी दोनों भी नहाना छोड़ देती थीं। तीनों एक साथ ही कोरियन सामग्री देखती थीं। चेतन कुमार की पहली शादी दिल्ली सीलमपुर की रहने वाली सुजाता के साथ हुई थी। काफी समय तक संतान नहीं होने के कारण उन्होंने दूसरी शादी अपनी सगी साली हिना के साथ कर ली। शादी के बाद ही सुजाता को बेटी हो गई। इसके बाद सुजाता के बेटा हुआ और हिना से भी चेतन को तीन बच्चे हुए।
कोरियन कंटेंट प्ले स्टोर से लेकर गूगल व ओटीटी पर उपलब्ध है। इसमें विभिन्न प्रकार के गेमिंग एप, म्यूजिक बैंड, सीरियल, मूवीज और लाइव शो समेत अन्य सामग्री शामिल हैं। निशिका करीब नौ साल पहले मोबाइल फोन पर रील व वीडियो देखते हुए कोरियन कल्चर के प्रभाव में आई और बाद में गेम के माध्यम से इस लत की आदी हो गई। आज के समय में युवा कोरियन स्टार्स को अपना आदर्श और सुपर हीरो मान रहे हैं। कोरियन गेम्स में स्क्विड गेम को काफी खतरनाक माना जाता है। इसमें विभिन्न प्रकार के टास्क दिए जा रहे हैं।




