ट्रेन में भीख मांग रही अनाथ युवती को दिल दे बैठा गोलू, रचाई शादी

शाहजहांपुर/उत्तर प्रदेश। कहते हैं कि प्यार न तो जगह देखता है और न ही हालात, यह कहीं भी और किसी से भी हो सकता है। यह महज फिल्मी डायलॉग नहीं है। ऐसी एक अनोखी और भावुक प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। शाहजहांपुर के रहने वाले गोलू की जिंदगी उस समय बदल गई, जब उसकी मुलाकात ट्रेन में भीख मांगकर गुजर-बसर करने वाली एक अनाथ युवती से हुई। यह मुलाकात धीरे-धीरे प्रेम में बदली। अंत में दोनों ने शादी कर ली। इस शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। हालांकि, परिपूर्ण न्यूज़ इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर का रहने वाला गोलू किसी काम के सिलसिले में ट्रेन से दिल्ली जा रहा था। सफर के दौरान ट्रेन के डिब्बे में एक युवती भीख मांग रही थी। इसी दौरान कुछ लड़के युवती को परेशान करने लगे। यह देखकर गोलू से रहा नहीं गया और वह युवती के बचाव में आगे आ गया। उसने लड़कों का विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई और झगड़े की स्थिति बन गई। दो पक्षों को उलझता देख युवती की सामने आई। उसने गोलू को कुछ ऐसा कहा, जो सीधे उसके दिल पर लगी।
युवती ने गोलू से कहा कि उसके साथ इस प्रकार की वारदात रोज का है। वह हर बार सब से लड़ नहीं सकता। युवती की यह बात गोलू के दिल को छू गई। बातचीत के दौरान युवती ने अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि वह अनाथ है। भीख मांगकर ही अपना जीवन यापन करती है। उसकी सादगी, बेबसी और ईमानदारी ने गोलू को भीतर तक झकझोर दिया।
गोलू के मन में उसी वक्त लड़की के लिए प्यार के भाव जाग उठे। गोलू ने बिना किसी झिझक के युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। हालांकि, अचानक मिले इस प्रस्ताव पर युवती को भरोसा नहीं हुआ। वह एक अनजान व्यक्ति के साथ जाने से हिचकिचा रही थी। युवती की शंका को दूर करने के लिए गोलू ने अपने घरवालों से फोन पर बात कराई। उन्हें पूरी बात बताई।
परिवार की सहमति और भरोसे के बाद युवती गोलू के साथ जाने को तैयार हो गई। इसके बाद दोनों शाहजहांपुर पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी में सादगीपूर्ण तरीके से शादी की रस्में निभाई गईं। शादी के बाद दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में दुल्हन पीली साड़ी पहने नजर आ रही है और गोलू के साथ खुशी-खुशी विवाह की रस्में निभा रही है।
सोशल मीडिया पर इस जोड़े की खूब तारीफ हो रही है। यूजर्स गोलू की सोच और हिम्मत की सराहना कर रहे हैं। लोग इसे एक प्रेरणादायक प्रेम कहानी बता रहे हैं। इसमें न जाति देखी गई, न हालात और न ही समाज का डर। इस प्रेम कहानी को कई यूजर्स अपने-अपने तरीके से पेश कर रहे हैं। गोलू यादव के मूल रूप से बिहार के होने की बात सामने आई है। लड़की के बारे में जानकारी सामने नहीं आ पाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button