गजब है! फतेहपुर में डीएसपी ऑफिस के बगल से ही बाइक कर दी पार, 10 मिनट के अंदर ही वारदात को दिया अंजाम

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां चोरों ने किसी सुनसान जगह पर नहीं, बल्कि डीएसपी ऑफिस के ठीक बगल में खड़ी बाइक को दिनदहाड़े पार कर दिया। आश्चर्य की बात यह है कि पूरा घटनाक्रम सिर्फ 10 मिनट में अंजाम दे दिया गया। घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सराय सहिजादा गांव निवासी नितिन कुमार 5 दिसंबर को अपने काम से बिंदकी तहसील पहुंचे थे। वे दोपहर करीब 3 बजे अपनी पैशन प्रो बाइक डीएसपी ऑफिस के पास खड़ी कर तहसील कार्यालय में चले गए। आरोप है कि सिर्फ 10 मिनट बाद जब वे लौटकर आए तो बाइक गायब थी। अचानक हुई इस घटना से नितिन के होश उड़ गए।
बाइक गायब मिलने के बाद नितिन ने पहले तहसील कैंपस और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने थकहारकर बिंदकी कोतवाली में तहरीर देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
बिंदकी कोतवाल हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि नितिन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरागों की मदद से चोर की तलाश कर रही है। कोतवाल ने दावा किया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।




