मुंबई में सीएनजी आपूर्ति बाधित, वाहनों की लगी लंबी कतारें

मुंबई/एजेंसी। मुंबई में सोमवार को बड़ी संख्या में वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों में सीएनजी भरवाने के लिए लंबी कतारों के बीच मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल, यहां मुख्य गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने से आपूर्ति बाधित हो गई और हजारों ऑटोरिक्शा, टैक्सी और अन्य सीएनजी पर चलने वाले वाहनों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। शहर में बड़ी संख्या में ऑटो और टैक्सियां हैं, जिनमें ओला और ऊबर जैसे एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स के वाहन भी शामिल हैं। साथ ही कुछ सार्वजनिक परिवहन उपक्रमों की बसें, महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) की तरफ से मुहैया कराई जाने वाली सीएनजी पर निर्भर हैं।
एमजीएल ने रविवार रात जारी एक बयान में बताया कि यह बाधा गैल की मुख्य गैस आपूर्ति पाइपलाइन को हुए थर्ड-पार्टी नुकसान के कारण हुई, जो राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स (आरसीएफ) परिसर में स्थित है। इससे वडाला स्थित सिटी गेट स्टेशन (सीजीएस) तक गैस प्रवाह प्रभावित हुआ, जो मुंबई के लिए गैस सप्लाई का एक अहम प्रवेश बिंदु है। आपूर्ति प्रभावित होने के कारण नेटवर्क भर में दबाव कम हो गया, जिससे मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई सीएनजी स्टेशन सीमित क्षमता पर संचालित हुए या अस्थायी रूप से बंद रहे। इसके चलते सीएनजी भरवाने वालों की लंबी कतारें देखी गईं।
मुंबई में सीएनजी सप्लाई बंद होने से हालात बिगड़ गए हैं। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भारी अफरा-तफरी देखी जा रही है, क्योंकि सीएनजी न मिलने से लोगों के सफर पर सीधा असर पड़ा है। वडाला और आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिल रही है। इस बीच गेल के डायरेक्टर ने बयान जारी कर कहा है कि गैस सप्लाई को बहाल करने में लगभग 24 से 30 घंटे लगेंगे। यानी मुंबई में सीएनजी की दिक्कत अभी एक-दो दिन और चल सकती है, जिससे आम लोगों, टैक्सी-ऑटो चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button