बुंदेलखंड गौरव महोत्सव में विस्फोट, चार लोगों की मौत

चित्रकूट/उत्तर प्रदेश। चित्रकूट में आयोजित बुंदेलखंड गौरव महोत्सव में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। आतिशबाजी के लिए रखे गए बमों में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। विस्फोट इतना भयंकर था कि जहां पर बम रखे थे वहां पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया। एक युवक का शव मकान की दूसरी मंजिल की छत पर जाकर गिरा। बाकी अन्य के हाथ-पैर और खोपड़ी का पता नहीं चला। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी।
बुंदेलखंड गौरव महोत्सव का आयोजन चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी के मैदान में हो रहा था। बुधवार दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद आतिशबाजी का प्रोग्राम था। मंच के पीछे बम रखे हुए थे। जिसमें अचानक विस्फोट हो गया। चार युवकों के चीथड़े उड़ गए। बताया जा रहा है कि मरने वाले महोत्सव में टेंट लगाने वाले कर्मचारी थे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करके मृतक के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपए दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड महोत्सव में हुआ विस्फोट बेहद दुखद है। सभी मृतको को श्रद्धांजलि। भाजपा सरकार नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ का मुआवजा दे।




