दुलहन को गिफ्ट देने के लिए लूटी कार, पुलिस एनकाउंटर में गिरफ्तार

गाजियाबाद। अपनी शादी में वह दुलहन को महंगा गिफ्ट देना चाहता था। रुपये थे नहीं। उसने अपने मोबाइल नंबर से एक कैब बुक की। मारपीट कर ड्राइवर को भगाकर कैब लूट ली। बुकिंग वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए पुलिस ने उसका पता लगा लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह छुप रहा था, जिससे शादी भी नहीं हो सकी। अब पुलिस एनकाउंटर में पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। एसीपी कोतवाली अंशु जैन ने बताया कि शुक्रवार को कैब लूटा था। मोहम्मद रिजवान की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच हो रही थी। घंटाघर कोतवाली पुलिस ने साईं उपवन के पास मोइन और आसिफ को गिरफ्तार किया है। मोइन के पैर में गोली लगी है।
एसीपी ने बताया कि मोइन की शनिवार को शादी होनी थी। शादी में दुलहन को गिफ्ट देने और दूसरे खर्चों के लिए अपने दोस्त के साथ कैब लूटी थी। अपने मोबाइल से मोइन ने इंदिरापुरम के लिए कैब बुक की। हिंडन पुल पर पहुंचने पर चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। फिर कैब से चालक को उतारकर उनका मोबाइल और रुपये लूट ले गए।

लूट के बाद पुलिस से छुपने के चक्कर में मोइन की शादी भी नहीं हो सकी। शनिवार को वह बाइक से भागने की फिराक में था, तभी साईं उपवन के पास पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मोइन की निशानदेही पर उसके साथी आसिफ को कार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को अब तक पता चला है कि मोइन के खिलाफ दिल्ली एनसीआर में लूट, चोरी और गैंगस्टर के 18 मामले दर्ज हैं। एसीपी ने बताया कि उसके आपराधिक इतिहास के बारे में और जानकारी की जा रही है। इसके साथ ही उसके साथियों के बारे में टीम जानकारी कर रही है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। लूट की प्लानिंग के बाद आरोपी मोइन को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कैब बुक करने के बाद उसका नंबर आसानी से पुलिस को मिल सकता है। मोइन ने अपने ही नंबर से कैब बुक की, फिर लूट लिया। हालांकि जब उसे अंदेशा हुआ कि उसका नंबर पुलिस को मिल जाएगा तो वह फरार होने की प्लानिंग करने लगा था। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई और गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button